home page

प्रकृति के संरक्षण के लिए आधुनिक विकास मॉडल पर करना होगा शोध : प्रेम राणा

 | 
प्रकृति के संरक्षण के लिए आधुनिक विकास मॉडल पर करना होगा शोध : प्रेम राणा


हमीरपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। प्रकृति ने मनुष्य को जीवन दिया है, लेकिन आज विकास की अंधी दौड़ में मनुष्य उसी प्रकृति का लगातार दोहन कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए आधुनिकतावाद और विकास की मौजूदा अवधारणाओं पर गंभीर शोध करने की आवश्यकता है। आधुनिक विकास कार्य ऐसे तरीके से किए जाने चाहिए, जिससे प्रकृति और पर्यावरण को कम से कम नुकसान पहुंचे। यह बात दिल्ली के उद्योगपति एवं राष्ट्रीय परिसंवाद के मुख्यातिथि प्रेम राणा ने ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान, नेरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद के समापन सत्र में कही।

भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद (आईसीएचआर) नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस परिसंवाद का विषय ‘उत्तर-पश्चिमी हिमालय में पर्यावरण के ऐतिहासिक और समकालीन परिप्रेक्ष्य’ था। राणा ने कहा कि प्रकृति केवल जीवन का आधार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और अस्तित्व की पहचान भी है। मनुष्य का संपूर्ण जीवन जल, वायु, मिट्टी और वनस्पति पर निर्भर है, इसके बावजूद विकास के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि हमारे पारंपरिक प्राकृतिक जलस्रोत समाप्त होते जा रहे हैं, जिसके लिए हम सभी जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, वनों की कटाई, जल एवं वायु प्रदूषण और जैव विविधता का संकट पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है। सड़कों और पुलों सहित आधारभूत ढांचे का निर्माण आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल दृष्टिकोण के साथ किया जाना चाहिए, ताकि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन कायम रखा जा सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पद्मश्री डॉ. पी.एल. गौतम, कुलाधिपति, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा (बिहार) ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या भी पर्यावरण के लिए खतरे की घंटी है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए विकास की योजनाएं वैज्ञानिक आधार पर तैयार करनी होंगी। इनमें नई तकनीक और अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 में पहली बार वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर चिंतन हुआ और 1992 में पर्यावरण संरक्षण के लिए कई अंतरराष्ट्रीय समझौते किए गए। वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए शोध और समाधान तलाशने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. चेतराम गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं अकादमिक गतिविधियों तथा पिछले वर्षों में किए गए शोध कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान भारतीय इतिहास, संस्कृति और सभ्यता के विभिन्न पहलुओं पर प्रमाण आधारित अनुसंधान करने के साथ हिमाचल प्रदेश के स्थानीय एवं क्षेत्रीय इतिहास के लेखन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि परिसंवाद में सामने आए महत्वपूर्ण सुझावों और विचारों के आधार पर नीति-पत्र तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा।

संस्थान के अध्यक्ष प्रो. भाग चंद चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे अनुसंधान सराहनीय हैं। परिसंवाद में युवा शोधार्थियों की सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी उत्साहजनक रही। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पीपल, बरगद, तुलसी और नीम जैसे वृक्षों को धार्मिक महत्व दिया गया, जबकि नदियों को माता का दर्जा मिला। पर्वतों, वनों और जलस्रोतों को पवित्र मानने के पीछे प्रकृति संरक्षण की गहरी भावना निहित थी। इन पारंपरिक मान्यताओं से आज भी पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा ली जा सकती है।

राष्ट्रीय परिसंवाद के संयोजक डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि परिसंवाद के दौरान कुल सात तकनीकी सत्रों में 80 शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा छात्र शोधपत्र वाचन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सुश्री बंधु ने प्रथम, सोमदेव ने द्वितीय तथा विपाशा और कविता ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि परिसंवाद में कुल 138 विद्वानों एवं शोधार्थियों ने पंजीकरण करवाया।

इस अवसर पर संस्थान के उपाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ शर्मा, कोषाध्यक्ष देशराज शर्मा, प्रो. नारायण सिंह राव, नरेंद्र कुमार नंदा, जगवीर, रमेश रांगड़ा, प्रो. राजेश कुमार शर्मा, डॉ. ओमदत्त सरोच, डॉ. अंकुश भारद्वाज, डॉ. मनमोहन शर्मा, प्रो. कंवर चंद्रदीप सिंह, डॉ. तनवीर, जम्मू से सुमेर खजूरिया, डॉ. राकेश कुमार शर्मा, डॉ. ऋषि, डॉ. रामपाल सहित लगभग 125 विद्वान एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला