home page

धौलाकुआं में सड़क किनारे मिला शव, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान

 | 

नाहन, 06 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के पुलिस थाना माजरा के तहत सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा धौलाकुआं स्थित पीएनबी बैंक के पास सामने आया, जहां सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार रॉयल रेडिएंस रिसॉर्ट भारापुर में मैनेजर के पद पर तैनात परीक्षित शर्मा (30) पुत्र राम चंद्र निवासी गांव व डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब ड्यूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह धौलाकुआं के पास पहुंचे तो उन्होंने सड़क पर एक व्यक्ति को गिरा देखा। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और मौके पर पहुंचकर देखा कि व्यक्ति सड़क पर उल्टा पड़ा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अभी फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस संबंध में थाना माजरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर