हर साल की भांति धर्म संघ श्री बाबा भूतनाथ मंदिर ने सेरी मंच पर भव्य रूप में मनाया हिंदू नव वर्ष
मंडी, 19 मार्च (हि.स.)। हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 19 मार्च 2026 यानी आज से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का आगाज हो गया है। छोटी काशी मंडी में हर साल की भांति इस साल भी धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर के द्वारा ऐतिहासिक सेरी मंच पर हिंदू नव वर्ष पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला की विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने भाग लेकर जहां समरसता का संदेश दिया, वहीं जारी हवन यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर सबके मंगल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति पूजन से किया गया, जिसमें डीसी मंडी अपूर्व देवगन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके उपरांत पारंपरिक शहनाई वादन और वैदिक मंत्रो उच्चारण के साथ हवन यज्ञ किया गया। जिसमें छोटी काशी के सैंकड़ों लोगों ने पूर्णाहुति डाली।
इस दौरान पंडितों द्वारा सभी राशियों का राशिफल और वर्तमान वर्ष में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का वृतांत भी सुनाया। इस अवसर पर सभी ने मध्य पूर्वी देशों और अफगानिस्तान व पाकिस्तान के बीच चल रहे युद्धों के थमने और विश्व शांति सद्भाव की ईश्वर से प्रार्थना भी की। धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर कमेटी के महासचिव जीसी सैनी बताया कि पिछले 4 सालों से ऐतिहासिक सेरी मंच पर बड़े स्तर पर हिंदू नव वर्ष मनाया जा रहा है और आने वाले समय में भी इसी रूप में इसे मनाया जाता रहेगा।
वहीं धर्म संघ सदस्य नीरज हांडा ने कहा कि विदेशों की तर्ज पर नववर्ष के उपलक्ष्य पर भारत में भी अवकाश का दिन घोषित होना चाहिए। इसके लिए धर्म संघ द्वारा देश और प्रदेश सरकारों के साथ पत्राचार भी किया जाएगा, ताकि हमारे देश में भी सभी भारतवासी मिलकर हिन्दू नव वर्ष को मना सकें। इसके उपरांत सेरी मंच पर विभिन्न स्कूली बच्चों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। जिसमें चैती गीतों एवं बारामासा गीत का गायन संगीत सदन के कलाकारों ने किया। जबकि लोक गायकों द्वारा पारंपरिक छिंज गीतों का भी गायन किया गा। जिसका उपस्थित जनसमूह ने भरपूर आनंद भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

