home page

हिंदी पखवाड़े के तहत भाषा विभाग करवाएगा हिंदी भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता

 | 

मंडी, 25 अगस्त (हि.स.)। भाषा एवं संस्कृति विभाग मंडी की ओर से हिंदी पखवाड़े के तहत स्कूली बच्चों की निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने बताया कि विभाग द्वारा हिंदी भाषा के उन्नयन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हर वर्ष की तरह इस बार भी हिंदी पखवाड़े के अंतर्गतविभिनन प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी नौ सितंबर को प्रात: दस बजे से हिंदी भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्कृति सदन कांगणीधार में किया जाएगा।

उन्होंने बताया इन प्रतियोगिताओं में जिला मंडी के सरकारी एवं गैरसरकारी स्कूलों से दो प्रतिभागी प्रति स्कूल भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय हिंदी भाषण प्रतियोगिता का विषय जनभाषा और राज भाषा के रूप में हिंदी की दशा और दिशा रहेगा। जिसकी समयावधी तीन से पांच मिनट रहेगी। उसी प्रकार हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए विषय कृत्रिम बुद्धिमता की भूमिका-हिंदी भाषा के संदर्भ में रहेगा। जिसकी शब्द सीमा पांच सौ से सात सौ और समय सीमा डेढ़ घंटा रहेगी।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से जारी प्रपत्र अनुसार प्रतिभागियों के नाम 31 अगस्त तक मेल अथवा डाक के माध्यम से भेज सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा