home page

हिमाचल के अभिषेक को बॉलीवुड में मौका, ‘भूत बंगला’ में निभाएंगे भूमिका

 | 
हिमाचल के अभिषेक को बॉलीवुड में मौका, ‘भूत बंगला’ में निभाएंगे भूमिका


मंडी, 13 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के झंडूता उपमंडल के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव मन्हेर के प्रतिभावान युवा कलाकार अभिषेक भारद्वाज ने अपनी कड़ी मेहनत और अभिनय के प्रति अटूट समर्पण के बल पर मायानगरी मुंबई में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जहां वे अब प्रसिद्ध बॉलीवुड निर्देशक प्रियदर्शन की आगामी फिल्म 'भूत बंगला' में फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन साझा करते हुए दिखाई देंगे। अभिषेक भारद्वाज का बचपन बेहद सादगीपूर्ण तरीके से गाँव की मिट्टी और चंबा की पांगी घाटी की वादियों के बीच बीता, जहाँ उनके पिता एक शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और माता गृहणी है।

उन्होंने जवाहरलाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग कालेज सुंदरनगर से टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की, लेकिन उनके भीतर बचपन से ही कला और पेंटिंग के प्रति एक गहरा आकर्षण और फिल्मों के प्रति एक विशेष जुनून हमेशा से जीवित था। कॉलेज के दिनों में अपने दोस्तों से अक्सर फिल्म इंडस्ट्री में जाने की बात करने वाले अभिषेक ने अपने करियर की शुरुआत एक कॉर्पोरेट नौकरी से की थी, परंतु कोरोना काल के दौरान जब दुनिया ठहर गई थी और वर्क फ्रॉम होम की वजह से उन्हें अतिरिक्त समय मिला, तो उन्होंने अपने सपनों को पंख देने के लिए ऑनलाइन थिएटर क्लासेस लेना शुरू किया और धीरे-धीरे दिल्ली के जीवंत थिएटर सर्किट से जुड़कर अपने अभिनय कौशल को तराशा।

उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने बहुत ही कम समय में विज्ञापन जगत में अपनी एक मजबूत पकड़ बनाकर अमिताभ बच्चन के साथ सड़क सुरक्षा अभियान, शुभमन गिल के साथ टाटा कैपिटल, फरहान अख्तर के साथ वीवो और रविंद्र जडेजा के साथ हाईसेंस जैसे बड़े ब्रांड्स के टीवी विज्ञापनों में काम किया। अभिषेक ने साल 2024 में राम मंदिर आंदोलन पर आधारित प्रियदर्शन की डॉक्यूमेंट्री 'अपने राम' में राम कोठारी का महत्वपूर्ण किरदार निभाकर निर्देशक का दिल जीत लिया था, जिसके बाद प्रियदर्शन ने उन्हें अपनी बड़ी फीचर फिल्म 'भूत बंगला' के लिए कास्ट किया, जिसमें उनके साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव और मनोज जोशी जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे।

10 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली इस फिल्म के टीज़र ने पहले ही काफी चर्चा बटोरी है और अभिषेक की इस सफलता से न केवल उनके पैतृक गाँव मन्हेर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है, क्योंकि एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर बिना किसी गॉडफादर के बॉलीवुड की मुख्यधारा की फिल्म में जगह बनाना उनके अथक संघर्ष और कला के प्रति उनकी निष्ठा का ही परिणाम है, प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा