home page

साढ़े तीन साल में प्रदेश को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर ले गई सुक्खू सरकार : सौदान सिंह

 | 
साढ़े तीन साल में प्रदेश को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर ले गई सुक्खू सरकार : सौदान सिंह


मंडी, 09 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मंडी द्वारा शनिवार को मंडी में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि आज पूरे हिमाचल प्रदेश की पुकार है कांग्रेस की लूट, झूठ और भ्रष्टाचार खत्म करो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी और भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। अपने लगभग साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और प्रदेश को आर्थिक संकट, प्रशासनिक अव्यवस्था तथा विकासहीनता की ओर धकेल दिया गया है।

सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर पहुंचा दिया। प्रदेश की आर्थिक स्थिति आज इतिहास के सबसे गंभीर संकट में है और कुल कर्ज 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक पिछले लगभग 30 वर्षों में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने केवल साढ़े तीन वर्षों में ही 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक का नया कर्ज ले लिया। आज हिमाचल का प्रत्येक नागरिक औसतन 1 लाख 40 हजार रुपए के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों के लिए धन नहीं होने की बात करती है, जबकि अपने मित्रों और करीबी लोगों की शानो-शौकत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, शिक्षण संस्थानों में शिक्षक नहीं हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई सैकड़ों परियोजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या उनकी गति धीमी कर दी गई है।

सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी समाप्त करने का काम किया। हिमकेयर, सहारा और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के तहत अस्पतालों के करोड़ों रुपये लंबित पड़े हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन 6-6 महीने की देरी से मिल रही है, जिससे लाखों गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग परेशान हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक अनिल शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, विधायक पूर्ण चंद तथा पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा