बिलासपुर-मनाली-लेह रेल लाइन बनेगी हिमाचल के लिए गेमचेंजर : सांसद हर्ष महाजन
मंडी, 25 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रेलवे विकास को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब तेजी से साकार होती नजर आ रही है। आजाद भारत में पहली बार राज्य को बड़े स्तर पर रेल परियोजनाओं की सौगात मिलने पर सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि राज्यसभा में रेल मंत्री द्वारा दी गई जानकारी से स्पष्ट है कि हिमाचल में रेल विस्तार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विशेष रूप से चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइन और भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन पर तेज गति से चल रहे कार्यों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेल लाइन परियोजना हिमाचल के लिए गेमचेंजर साबित होगी। लगभग 489 किलोमीटर लंबी इस सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रेल लाइन का सर्वेक्षण पूरा कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह रेल लाइन सुंदरनगर, मंडी, मनाली, सिस्सू, दारचा, केलांग, सरचू और उपशी होते हुए लेह तक जाएगी। इससे मंडी जिले की कनेक्टिविटी को विशेष मजबूती मिलेगी और यह क्षेत्र पर्यटन व व्यापार का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। बॉक्स रेल परियोजनाओं को मिली रफ्तार जानकारी के अनुसार चंडीगढ़-बद्दी नई रेल लाइन परियोजना पर लगभग 1540 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है, जिसमें केंद्र और हिमाचल सरकार की 50ः50 साझेदारी तय की गई है। फरवरी 2026 तक इस परियोजना पर 1068 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। बॉक्स इसके अलावा नंगल डैम से दौलतपुर चौक तक 60 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दौलतपुर चौक -मुकेरियां 42 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस खंड में बड़े पुलों और अंडरपास का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।
महाजन ने कहा कि इन रेल परियोजनाओं के पूरा होने से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन, उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से प्रदेश देश के अन्य हिस्सों से और अधिक सशक्त रूप से जुड़ेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम हिमाचल के संतुलित विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य हिस्सों को भी रेल नेटवर्क से जोड़ने के प्रयास तेज होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

