home page

हिमालयन पब्लिक स्कूल पंडोह के विद्यार्थियों ने किया हिमाचल दर्शन

 | 
हिमालयन पब्लिक स्कूल पंडोह के विद्यार्थियों ने किया हिमाचल दर्शन


मंडी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हिमालयन पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पंडोह के विद्यार्थियों ने बुधवार को अपने शैक्षिक भ्रमण के दौरान मंडी की बल्ह घाटी में मंडी सुंदरनगर फोरलेन पर मंडी से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव मलोरी बैहना स्थित हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी का भ्रमण किया व एक ही छत के नीचे समूचे हिमाचल के दर्शन किए।

स्कूल की पांचवीं कक्षा के 20 बच्चे अपने तीन शिक्षकों के साथ हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी आए थे तथा इन्होंने हिमाचल प्रदेश की हर विधा को यहां पर निहारा, उसमें अपनी दिलचस्पी दिखाई व बेहद प्रफुल्लित हुए। इन विद्यार्थियों को हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी की मार्गदर्शक आरती चौधरी ने वह जानकारी भी उपलब्ध करवाई जो वह जानना चाह रहे थे। विद्यार्थियों ने गैलरी परिसर में बनाए गए संग्रहालय में स्थापित प्राचीन वस्तुओं में भी बड़ी दिलचस्पी दिखाई। पांचवीं कक्षा में होने के बावजूद भी इन विद्यार्थियों की जिज्ञासा व ज्ञान देखते ही बनता था।

विद्यार्थियों के साथ आए शिक्षकों द्वारा भ्रमण को लेकर की गई टिप्पणी में कहा कि यहां पर हिमाचल प्रदेश के अद्भुत चित्र हैं जो प्रदेश के बारे में अति महत्वपूर्ण जानकारी देते हैं। हमें जो कुछ भी देखने की सोची थी व जिसकी भी शिक्षा के लिए जरूरत रहती है वह सब यहां पर उपलब्ध है। पहाड़ी जीवन के बचपन से संबंधित कुछ तस्वीरों को देख कर तो आंखों में आंसू आ गए। हम यहां बार बार आना चाहेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, जिज्ञासुओं व आम लोगों से भी आह्वान किया कि एक बार खुद यहां आकर अपनी आंखों से हिमाचल के अद्भुत दर्शन का अवलोकन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा