home page

कांग्रेस सांसद कर्मवीर बौद्ध के चुनाव को हाईकोर्ट में चुनौती

 | 

चंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा में हाल ही में हुआ राज्य सभा चुनाव का मुद्दा हाईकोर्ट में पहुंच गया है। कांग्रेस के राज्य सभा सांसद कर्मवीर बाैद्ध के चुनाव को निर्दलीय प्रत्याशी रहे सतीश नांदल ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है। निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल ने कांग्रेस उम्मीदवार करमवीर बौद्ध के चुनाव को दी चुनौती, ‘बैलेट से छेड़छाड़’ और नामांकन में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सतीश नांदल ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल कर कांग्रेस उम्मीदवार करमवीर सिंह बौद्ध के निर्वाचन को चुनौती दी है। याचिका में दावा किया गया है कि एलेनाबाद के विधायक भारत सिंह बेनीवाल का वोट चुनाव नियमों का उल्लंघन करते हुए गलत तरीके से वैध माना गया, जबकि वह वोट रद्द किया जाना चाहिए था। साथ ही कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन पत्र को भी अवैध और बाद में दस्तावेज जोडक़र पूरा किया गया।

याचिका में कहा गया है कि 16 मार्च 2026 को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध विजयी घोषित किए गए थे, जबकि सतीश नांदल निर्दलीय उम्मीदवार थे। नांदल का आरोप है कि मतदान के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार के अधिकृत एजेंट भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधायक भारत सिंह बेनीवाल के बैलेट पेपर को छुआ और संभाला, जो चुनाव नियमों के खिलाफ है।

याचिका के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया के चुनाव एजेंट कृष्ण सिंह बेदी ने मतदान वाले दिन शाम 4:01 बजे लिखित शिकायत देकर बेनीवाल का वोट रद्द करने की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान अधिकृत एजेंट ने बैलेट पेपर को छुआ, जो सीक्रेसी ऑफ बैलेट का उल्लंघन है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में हाल ही में राज्य सभा की दो सीटों के लिए चुनाव हुआ था। एक सीट से भाजपा के संजय भाटिया चुने गए थे जबकि दूसरी सीट से भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को हराकर कांग्रेस के कर्मवीर बाैद्ध चुनाव जीते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा