home page

सिया हत्याकांड की हो एसआईटी जांच : हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति

 | 

मंडी, 14 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिले के सरकाघाट में हुए सिया हत्याकांड को लेकर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति जिला इकाई मंडी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। समिति ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि यह न केवल बेहद दुखद घटना है, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। समिति ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में समाज को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए।

समिति के जिला सचिव गजेंद्र ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जिसे शांतिप्रिय और देवभूमि के रूप में जाना जाता है, वहां महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में मंडी जिले में ही कई महिलाओं की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें धर्मपुर की ममता की उसके पति द्वारा तेजाब से जलाकर हत्या और सुराड़ी की नीलम को पेट्रोल डालकर जलाने की घटना शामिल है।

समिति ने कहा कि इन घटनाओं के पीछे नशे की बढ़ती समस्या भी एक बड़ा कारण बनती जा रही है। खासकर सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते कारोबार ने प्रदेश में गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। पिछले दो वर्षों में कई युवाओं की मौत चिट्टे की ओवरडोज से होने की बात भी सामने आई है। समिति का कहना है कि नशा तस्करी में बड़े गिरोह शामिल हैं और कुछ मामलों में पुलिस कर्मियों के नाम भी सामने आए हैं, जो चिंता बढ़ाने वाली बात है।

समिति ने प्रशासन से मांग की है कि सिया हत्याकांड की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाए और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। समिति ने यह भी कहा कि केवल कानून से समस्या हल नहीं होगी, बल्कि समाज में पितृसत्तात्मक सोच और अपराध की मानसिकता के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता जरूरी है।

समिति ने लोगों से अपील की है कि वे महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर संवेदनशील बनें और पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर न्याय की आवाज को मजबूत करें। समिति ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक वह इस मामले को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा