home page

सिरमौर में भारी बारिश से 34 सड़कें बंद, 87 लाख का नुकसान

 | 

नाहन, 09 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश से सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र सिरमौर द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार अधीक्षण अभियंता 12वां सर्कल लोक निर्माण विभाग नाहन से मिली जानकारी के आधार पर जिले में अब तक 34 सड़कें क्षतिग्रस्त या बाधित हो चुकी हैं।

डिवीजन के अनुसार शिलाई में सबसे अधिक 21, संगड़ाह में 08, नाहन में 04 और राजगढ़ में 1 सड़क बंद है। लोक निर्माण विभाग को प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 87 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।वहीं तहसील शिलाई के चनपुरधार क्षेत्र में 8 जुलाई को ऊंचाई से गिरने के कारण एक बैल की मौत हो गई। मृतक पशु कांडी निवासी चैतर सिंह पुत्र जगत सिंह का बताया गया है। पशु हानि का अनुमानित नुकसान 15 हजार रुपये आंका गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अभी हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन केंद्र का टोल फ्री नंबर *1077* पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर