मंडी के सराहन में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित, 82 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
मंडी, 27 अगस्त (हि.स.)। लोगों को घर-द्वार पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग करसोग द्वारा आज च्वासी क्षेत्र की ग्राम पंचायत सराहन में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 82 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान 80 लोगों के एक्स-रे किए गए जबकि 77 लोगों की बीपी, शुगर आदि की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 45 लोगों के एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी एवं सिफलिस के परीक्षण भी किए गए। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और दवाईया भी प्रदान की।
बीएमओ करसोग डॉ गोपाल चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगला आयुष्मान आरोग्य शिविर 29 अगस्त को तेबन में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज के शिविर में डॉ. चरण दास, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दया नंद, काउंसलर नंदा शर्मा, रेडियोग्राफर जय सिंह और रुचिका, स्थानीय सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

