home page

हाईकोर्ट ने पूछा अब तक क्यों नहीं हुई मंडी नगर निगम के महापौर व उपमहापौर की शपथ

 | 

मंडी, 15 जुलाई (हि.स.)। मंडी नगर निगम के दूसरे कार्यकाल के लिए 17 मई को मतदान हुआ तथा जबकि 31 मई को परिणाम निकले। इसमें भाजपा को 12, एक कांग्रेस व एक सीट आजाद उम्मीदवार को मिली। इसके लगभग एक महीने बाद 29 जून को नवनिर्वाचित पार्षदों को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने शपथ दिलाई गई और उसी दिन उपायुक्त की देख रेख में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुमन ठाकुर को महापौर व जितेंद्र शर्मा , जौनी, को उपमहापौर निर्वाचित कर लिया गया। ये नवनिर्वाचित महापौर व उपमहापौर अभी तक अपने पद की शपथ का इंतजार कर रहे हैं। इनके कार्यालय सूने पड़े हैं, कुर्सियां खाली हैं और निगम कार्यालय सूना सा पड़ा है जबकि कांग्रेस के बहुमत वाली पालमपुर नगर निगम में शपथ का यह कार्य हो चुका है। इसे लेकर महापौर सुमन ठाकुर ने प्रदेश उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

इस पर न्यायालय ने कड़ा नोटिस लेते हुए उपायुक्त मंडी को अगली सुनवाई जिसकी तारीख 21 जुलाई रखी गई है तब तक कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा राज्य चुनाव आयुक्त, राज्य सरकार व उपायुक्त मंडी को आदेश दिया कि वह 21 जुलाई तक अपना जवाब दायर करें। दोनों ही मामलों में अदालत की फटकार से प्रदेश सरकार की फजीहत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा