home page

अभी किसी पार्टी में शामिल होने का फ़ैसला नहीं किया - बिलाल लोन

 | 

श्रीनगर, 4 अगस्त (हि.स.)।

हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के पूर्व नेता रहे बिलाल गनी लोन ने कहा कि वे सक्रिय राजनीति में कदम रख रहे हैं लेकिन उन्होंने पीडीपी समेत किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया देने की ज़रूरत नहीं है और उनके राजनीतिक भविष्य के बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।

राजनीति में वापसी की खबरों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए लोन ने कहा कि वे अपने परिवार की पृष्ठभूमि के कारण लंबे समय से राजनीति से जुड़े रहे हैं लेकिन अब वे इसमें ज़्यादा सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैं मूल रूप से एक राजनीतिक परिवार से आता हूँ। यह मुझे विरासत में नहीं मिला लेकिन उन हालात में मेरे पिता की शहादत के बाद हमें राजनीति में आना पड़ा। पिछले 20-25 सालों से मैं राजनीति में निष्क्रिय रहा हूँ। अब मैं राजनीति में थोड़ा सक्रिय हो रहा हूँ। उन्होंने आगे कहा कि उनके इस फ़ैसले में कुछ भी असाधारण नहीं है। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसा नहीं है कि कुछ अलग हुआ है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे निर्दलीय चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं या किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होंगे तो लोन ने कहा कि वे एक व्यक्ति के तौर पर सार्वजनिक जीवन में आ रहे हैं और आगे कोई भी कदम उठाने से पहले लोगों से जुड़ना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि मैं एक व्यक्ति के तौर पर सामने आया हूँ। मेरा अपना छोटा सा क्षेत्र है और सोचने का अपना तरीका है। मैं किसी राजनीतिक पार्टी के ख़िलाफ़ नहीं आया हूँ। पिछले 20-25 सालों में मैंने जो कुछ भी सीखा है उस पर मैं अपने लोगों के साथ चर्चा करने की कोशिश करूँगा। उन्होंने कहा कि अंतिम फ़ैसला लोगों का होगा। फिर यह उन पर निर्भर करता है कि वे क्या तय करते हैं। यह कोई सनसनीखेज खबर नहीं है। न तो किसी ने मुझे बुलाया है और न ही मैं कहीं जा रहा हूँ। मैं एक व्यक्ति के तौर पर सामने आया हूँ। धीरे-धीरे देखेंगे कि हम कहाँ जाते हैं।

लोन ने अपने राजनीतिक इरादों को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी दूर करने की कोशिश की। किसी को भी मुझसे खतरा महसूस करने की कोई वजह नहीं है। मैं किसी का अपमान करने या किसी की जगह लेने के लिए नहीं आया हूँ। लेकिन ईश्वर ने चाहा तो अब मैं राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाऊँगा। जब उनसे उन अफ़वाहों के बारे में पूछा गया कि वे जल्द ही पीडीपी में शामिल होंगे तो लोन ने इन अटकलों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि जैसा कि मैंने आपको बताया मैं अफ़वाहों का जवाब नहीं देता। अफ़वाह तो अफ़वाह होती है। मैं जो कहता हूँ उसी को सही माना जाना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर में राजनीति की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए लोन ने बढ़ती कटु राजनीतिक बहस पर चिंता जताई और कहा कि जन-प्रतिनिधियों को युवा पीढ़ी के लिए बेहतर उदाहरण पेश करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को गाली-गलौज का रूप नहीं लेना चाहिए। राजनीति की भी अपनी सीमाएं होनी चाहिए। गाली-गलौज, कीचड़ उछालना और इस तरह का व्यवहार हमारे समाज के लिए अच्छा नहीं है। हम पहले से ही बहुत मुश्किल दौर से गुज़रे हैं। पिछले 20-25 सालों में हमने कितनी उथल-पुथल देखी है इस पर नज़र डालिए। लोन ने कहा कि राजनीतिक नेताओं को लोगों को सच बताने पर ध्यान देना चाहिए और उन्हें खुद फ़ैसला करने देना चाहिए।

बता दें कि हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के पूर्व नेता रहे बिलाल गनी लोन हाल ही में अगस्त 2026 में अलगाववादी राजनीति छोड़कर मुख्यधारा की राजनीति में आने का संकेत दिया है। वह वरिष्ठ अलगाववादी नेता अब्दुल गनी लोन के बेटे और पीपल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन के भाई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता