शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही गति : हर्षवर्धन चौहान
नाहन, 23 अगस्त (हि.स.)। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी नैतिक जिम्मेदारी है और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। वह रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत बिंडला दिगवा के गांव पंजाह में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मंसूरी जोत सिंह गुनसोला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
हर्षवर्धन चौहान ने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने उन पर विश्वास जताकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए प्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपनी पंचायतों के विकास को सुनिश्चित करें।
मंत्री ने कहा कि टिंबी क्षेत्र में भी विकास कार्यों को गति दी गई है। अब तक कोऑपरेटिव बैंक की शाखा, जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का निर्माण, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बकरास में 50 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कमरों का निर्माण, बमराड में 25 लाख रुपये की लागत से पुल, 50 लाख रुपये की लागत से खलेंटी सड़क तथा कोटापाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

