अमित शाह से मिले हर्ष महाजन, हिमाचल की वित्तीय स्थिति, भ्रष्टाचार और आपदा प्रबंधन पर उठाए सवाल
शिमला, 27 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने सोमवार को संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर हिमाचल प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वित्तीय प्रबंधन, विकास कार्यों, भ्रष्टाचार और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गृह मंत्री के समक्ष रखा।
हर्ष महाजन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में वित्तीय अनुशासन कमजोर हुआ है और सरकार ने बिना दीर्घकालिक योजना के राज्य पर भारी कर्ज का बोझ बढ़ा दिया है। उन्होंने दावा किया कि ₹1.10 लाख करोड़ से अधिक का ऋण लेने के बावजूद प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है। उनके अनुसार सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कई कार्य प्रभावित हुए हैं तथा नई विकास योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।
राज्यसभा सांसद ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेता भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठा चुके हैं, जिससे सरकार के प्रति असंतोष झलकता है।
आपदा प्रबंधन के मुद्दे पर महाजन ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी तैयारी और ठोस कार्ययोजना बनाने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग नहीं हो सका तथा राहत राशि का लाभ सभी वास्तविक प्रभावित परिवारों तक नहीं पहुंचा।
महाजन ने केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

