home page

(अपडेट) : हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का ट्रस गिरा, एक मजदूर की मौत

 | 
(अपडेट) : हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का ट्रस गिरा, एक मजदूर की मौत


हमीरपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला-मटौर फोरलेन निर्माण के बीच शुक्रवार को हमीरपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मटौर-शिमला नेशनल हाईवे पर मसियाणा के पास हथली खड्ड पर निर्माणाधीन पुल की लॉन्चिंग के दौरान लोहे का भारी ट्रस ढह गया। हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक घायल हुआ है। वहीं, गहरी खाई में फंसे पांच अन्य श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमीरपुर बाईपास (एनएच-103) परियोजना के तहत 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज को पुशिंग पद्धति से लॉन्च किया जा रहा था। लॉन्चिंग नोज के पियर कैप के ऊपर पहुंचने के दौरान अचानक यांत्रिक खराबी आ गई, जिसके चलते लॉन्चिंग नोज ढह गया और ट्रस का ढांचा नीचे जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एक श्रमिक की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि घायल श्रमिक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है। खाई में फंसे पांच अन्य श्रमिकों को रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित निकाल लिया।

एनएचएआई के अनुसार हादसे में पुल के पियर्स को नुकसान नहीं पहुंचा है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण यांत्रिक खराबी बताया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है तथा हादसे के कारणों और निर्माणाधीन ट्रस को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला