home page

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

 | 
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन


मंडी, 18 जुलाई (हि.स.)। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान मंडी की डॉक्टर्स टीम ने नेला शहरी क्षेत्र का दौरा किया। संस्थान द्वारा स्थानीय निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशेष निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में संस्थान के चार अनुभवी डॉक्टरों की टीम, जिसमें डॉ. विवेक, डॉ. ईशान, डॉ. पूजा और डॉ. मयंक शामिल थे, ने स्थानीय लोगों को विस्तृत आयुर्वेदिक परामर्श दिया।

शिविर के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के सटीक मूल्यांकन के लिए मौके पर ही कई जरूरी लैब टेस्ट भी बिल्कुल मुफ्त किए गए। डॉक्टरों की टीम द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए मुख्य रूप से हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर बीपी की मुफ्त जांच की गई, जिससे भारी संख्या में आए स्थानीय लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने में बड़ी मदद मिली। शहरी क्षेत्रों में इस प्रकार की निशुल्क जांच और परामर्श मिलने से खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी राहत पहुंची। इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने और कार्यक्रम को सुचारू रूप से पूर्ण करने में नगर निगम नेला की पार्षद नर्वदा मोहन, कंचन शर्मा, मनोहर लाल शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता निर्मल रीतू आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने शिविर के आयोजन से पहले ही पूरे क्षेत्र में जाकर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया, जिसके कारण शिविर में भारी संख्या में लोग पहुंचे। इसके अलावा, उन्होंने डॉक्टरों की टीम और शिविर में आए लोगों की सुविधा के लिए बैठने की उत्तम व्यवस्था, भोजन और जलपान का बेहतरीन प्रबंध भी किया। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान पंडोह की इस अनूठी पहल और सभी सहयोगियों के इस निस्वार्थ प्रयास की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा