home page

गोल्ड विन इंटरनेशनल स्कूल डैहर से हुई सुरक्षित बचपन अभियान की शुरुआत

 | 
गोल्ड विन इंटरनेशनल स्कूल डैहर से हुई सुरक्षित बचपन अभियान की शुरुआत


गोल्ड विन इंटरनेशनल स्कूल डैहर से हुई सुरक्षित बचपन अभियान की शुरुआत


मंडी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में सुरक्षित बचपन अभियान की शुरुआत मंगलवार को मंडी जिला के डैहर से की गई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डैहर में सुबह के सत्र में और दोपहर के सत्र में गोल्ड विन इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों और अध्यापकों के साथ इस विषय पर संवाद किया गया।

इस मौके पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी एन.आर. ठाकुर ने कहा कि पूरे भारतवर्ष में सुरक्षित बचपन अभियान वर्ष भर चलेगा जिसमें बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और संरक्षण बारे जागरूकता फैलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज बच्चों को स्कूल हो या घर, हर जगह सुरक्षित वातावरण देने की आवश्यकता है। उन्हें बाल यौन शोषण, बाल मजदूरी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह, इंटरनेट के खतरों, बाल तस्करी और नशे से बचाने की सख्त जरूरत है।

उन्होंने बच्चों और अध्यापकों को पोक्सो एक्ट-2012 और बाल अधिकारों बारे विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बच्चों को अनजान लोगों से दोस्ती, गिफ्ट या मिलने के प्रस्ताव को स्वीकार न करने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने शरीर के स्वयं बॉस हैं और कोई भी उन्हें गलत तरीके से छुए तो तुरंत नहीं कहना सीखें। यदि कोई ऑनलाइन डराए-धमकाए, अश्लील फोटो मांगे या दिखाएं या असहज स्पर्श करें तो तुरंत माता-पिता, शिक्षक या भरोसेमंद व्यक्ति को बताएं अथवा 1098 और 1930 नंबर पर फोन करें।

एन.आर. ठाकुर ने इस बात पर भी बल दिया कि हमें बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श बारे भी गहराई से समझाना चाहिए ताकि वह शोषण के खिलाफ अपनी आवाज निर्भीकता से उठा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा