अमृतसर के सेवादारों ने गुरुद्वारा सिंह सभा पंडोह में लगाया अटूट लंगर, दूसरे दिन उमड़ी संगत
मंडी, 02 मार्च (हि.स.)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा पंडोह में होला मोहल्ला के पावन अवसर पर सजे गुरु के अटूट लंगर का रविवार को दूसरा दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मनिकरण साहिब की यात्रा पर जा रही संगतों की सेवा के लिए 28 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक यह विशेष लंगर आयोजित किया गया है। दूसरे दिन बड़ी संख्या में संगतों ने गुरु घर में मत्था टेका और लंगर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मेंबर राजेंद्र सिंह मेहता तथा पंडोह के समाजसेवी शशि लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजकों द्वारा उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन के तहत चारों दिन संगतों के लिए विशेष लंगर की व्यवस्था की गई है।
रोजाना सुबह देसी घी का कढ़ाह प्रसाद, मठड़ी और चाय का लंगर चलता है। रविवार को पूरी-चने, न्यूट्री, शाम के समय समोसे, गुलाब जामुन तथा राजमा-चावल श्रद्धालुओं में वितरित किए गए।
यह धार्मिक सेवा डेरा निर्मले तपोवन के संत बाबा कश्मीर सिंह जी भूरी वाले, बाबा सुखविंदर सिंह जी बुरी वाले तथा सेवक जत्था इश्नान गुरुद्वारा टाहली साहिब संतोखसर, अमृतसर के विशेष सहयोग से संपन्न हो रही है।
मुख्य सेवादार तरलोचन सिंह बिट्टू व मंजीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा कमेटी सिंह सभा पंडोह एवं क्षेत्र की संगत के सहयोग से ही यह भव्य आयोजन संभव हो पाता है। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुरनाम सिंह, महासचिव राधा कृष्ण वर्मा, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार, गुरबचन सिंह सहित समस्त कमेटी ने सहयोग के लिए सभी संगतों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां सुव्यवस्थित हैं तथा नेशनल हाईवे से गुजरने वाली संगतों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

