देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रहे जीएसटी सुधार : सांसद सिकंदर कुमार
शिमला, 22 सितंबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में किए गए ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों ने देश की कर प्रणाली को सरल और जनहितैषी बनाया है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से जहां व्यापारी वर्ग पर करों का बोझ कम हुआ है, वहीं उपभोक्ताओं को दैनिक उपयोग की वस्तुएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही, राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती और गति मिल रही है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि केन्द्र सरकार की इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी 22 सितम्बर से 29 सितम्बर तक जीएसटी बचत उत्सव अभियान चला रही है। इस सप्ताह भर चलने वाले अभियान का उद्देश्य जीएसटी के लाभों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। इसके तहत भाजपा के सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों में जाकर व्यापारियों से संवाद करेंगे और उन्हें जीएसटी सुधारों की जानकारी देंगे। साथ ही, स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और बेचने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने सोमवार को शिमला के शोघी बाजार में जाकर जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत की और व्यापारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी वस्तुओं की अधिक से अधिक बिक्री करने का आग्रह किया ताकि भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था में हर कोई सहभागी बन सके।
डॉ. सिकंदर ने कहा कि स्वदेशी अपनाने की छोटी-सी पहल भारतीय अर्थव्यवस्था को नया आयाम देगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। इस अवसर पर उनके साथ शिमला ग्रामीण से पूर्व प्रत्याशी रवि मैहता, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश ठाकुर, हरीश शर्मा, आशा परिहार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

