सिरमौर में गेहूं की सरकारी खरीद 8 अप्रैल से, पिछले वर्ष के मुकाबले समर्थन मूल्य में ₹160 की वृद्धि
नाहन, 03 मार्च (हि.स.)। सिरमौर में गेहूं की सरकारी खरीद 8 अप्रैल से, पिछले वर्ष के मुकाबले समर्थन मूल्य में ₹160 की वृद्धि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस वर्ष भी जिला सिरमौर के किसानों से गेहूं की खरीद के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं । प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिले में दो प्रमुख खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें कृषि उपज विपणन समिति पांवटा साहिब और धौलाकुआं शामिल हैं । इन केंद्रों पर गेहूं की सरकारी खरीद 8 अप्रैल, 2026 से शुरू होकर 15 जून, 2026 तक जारी रहेगी । सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को बिचौलियों से बचाकर उनकी फसल का उचित और लाभकारी मूल्य प्रदान करना है ।
इस वर्ष किसानों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि सरकार ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है । पिछले वर्ष की तुलना में इस बार ₹160 प्रति क्विंटल की वृद्धि करते हुए नया समर्थन मूल्य ₹2,585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है । उपायुक्त सिरमौर ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल को खुले बाजार के बजाय इन सरकारी खरीद केंद्रों पर ही उपलब्ध करवाएं ताकि वे सरकार द्वारा दी जा रही इस आर्थिक सुविधा का पूरा लाभ उठा सकें ।
फसल बेचने के इच्छुक किसानों को अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन पोर्टल https://hpappp.hp.gov.in पर अपना पंजीकरण करवाना होगा । पंजीकरण की प्रक्रिया 1 मार्च, 2026 से ही शुरू की जा चुकी है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

