11 दिसंबर को हमीरपुर में होगा प्रदेश सरकार के चार साल का भव्य समारोह : सुरेश कुमार
हमीरपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसड़का स्थित पुलिस मैदान में भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में आर्थिक, राजनीतिक और प्राकृतिक आपदा जैसी अनेक चुनौतियों का दृढ़ता से सामना किया है। सरकार ने आम जनता, युवाओं, कर्मचारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। साथ ही हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हितों से जुड़े कई जटिल मामलों में मजबूती से हिमाचल का पक्ष रखा है। वाइल्ड फ्लावर हॉल, जेएसडब्ल्यू जलविद्युत परियोजना, किशाऊ बांध परियोजना और हाल ही में बीबीएमबी से एरियर प्राप्त करने जैसे मामलों में सरकार की दृढ़ पैरवी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इन प्रयासों से प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।
सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार वाटर सेस के मुद्दे पर भी न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ रही है। इसके अलावा चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी हासिल करने के लिए भी सरकार लगातार प्रयासरत है। इन दोनों मामलों में प्रदेश के अधिकारों की पैरवी पूरी दृढ़ता के साथ की जा रही है।
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (आरडीजी) बंद किए जाने, पिछली प्रदेश सरकार की वित्तीय देनदारियों और अन्य आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों एवं पेंशनरों को उनके वित्तीय लाभ प्रदान किए हैं। कांग्रेस की चुनावी गारंटी के अनुरूप कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) भी बहाल की गई है।
उन्होंने कहा कि कठिन वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री ने सूझबूझ और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करते हुए कर्मचारियों एवं पेंशनरों के हितों की रक्षा की है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ प्रदेश के राजस्व में वृद्धि के लिए भी प्रभावी कदम उठाए हैं।
सुरेश कुमार ने कहा कि 11 दिसंबर को दोसड़का पुलिस मैदान में होने वाला समारोह प्रदेश सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

