प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में यूजी दाखिले की अंतिम तिथि 25 जुलाई तक बढ़ी, रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश
शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी डिग्री और संस्कृत कॉलेजों में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने रिक्त सीटों पर दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जुलाई 2026 कर दी है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो अब तक किसी कारण से प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं।
उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह की ओर से जारी आदेशों में प्रदेश के सभी सरकारी डिग्री और संस्कृत कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि विभिन्न स्नातक डिग्री कार्यक्रमों में खाली सीटों पर 25 जुलाई तक प्रवेश दिए जाएं। यह आदेश एईडीपी पाठ्यक्रमों पर भी लागू होगा।
निदेशालय ने अपने आदेश में साफ कहा है कि 25 जुलाई 2026 के बाद प्रवेश की अंतिम तिथि किसी भी स्थिति में आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक दाखिला नहीं लिया है, उन्हें तय समय के भीतर संबंधित कॉलेज में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रवेश लेना होगा।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी डिग्री और संस्कृत कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाए। इससे रिक्त सीटों पर समय रहते दाखिले पूरे किए जा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

