home page

संविधान की प्रस्तावना के विभिन्न शब्दों की सार्थकता छात्रों तक पहुंचाने की पहल

 | 
संविधान की प्रस्तावना के विभिन्न शब्दों की सार्थकता छात्रों तक पहुंचाने की पहल


मंडी, 22 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय पनारसा में संविधान की प्रस्तावना के विभिन्न शब्दों की सार्थकता और उनके मूल भाव को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष गतिविधि श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों को प्रस्तावना के अलग-अलग शब्द सौंपे गए हैं, जिन पर विद्यार्थी एवं प्राध्यापक रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों को समझने और अभिव्यक्त करने का प्रयास करेंगे। यह श्रृंखला छात्र-शिक्षक समन्वय समिति के सौजन्य से आयोजित की जा रही है। इस श्रृंखला की प्रथम गतिविधि हिंदी विभाग द्वारा गणराज्य शब्द पर आयोजित की गई।

विभाग के मार्गदर्शन में बी.ए. अंतिम वर्ष के हिंदी विषय के विद्यार्थियों ने ‘गणराज्य’ की अवधारणा पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने गणराज्य के अर्थ, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों की भूमिका को सहज एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित इस प्रस्तुति में प्राचार्य, समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

हिंदी विभाग द्वारा की गई यह पहल संविधान की प्रस्तावना को केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर उसे रचनात्मक अभिव्यक्ति और विद्यार्थियों के अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा