home page

औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता

 | 
औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता


नाहन, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता बुधवार दोपहर सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब पहुंचे। यहां लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई द्वारा आयोजित समारोह में उद्यमियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान राज्यपाल ने एंबुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित किया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा भी आगे बढ़नी चाहिए। एंबुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित करना औद्योगिक जगत की संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देशभर में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां 32 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर रही हैं। ये इकाइयां देश के सकल घरेलू उत्पाद, विनिर्माण और निर्यात में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने, संस्थागत वित्त तक उनकी पहुंच आसान करने, तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देने और कारोबार करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

एक अप्रैल, 2025 से प्रभावी संशोधित एमएसएमई वर्गीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निवेश और कारोबार की सीमा में वृद्धि से उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने, नए निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास में कालाअंब के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कालाअंब जैसे औद्योगिक क्लस्टरों में निवेश आकर्षित करने, रोजगार पैदा करने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने लघु उद्योग भारती की भी सराहना की और कहा कि संगठन उद्यमियों को साझा मंच प्रदान कर सहयोग, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर