एनसीसी युवाओं को राष्ट्र के जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनने की दे रहा प्रेरणा: कविंद्र गुप्ता
मंडी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मंडी स्थित द्वितीय हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन का दौरा किया। उन्होंने बटालियन में स्थापित सर्वधर्म स्थल का विधिवत शुभारंभ किया और उत्कृष्ट कार्यों के लिए एनसीसी बटालियन को भी प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर एन.सी.सी.की स्थापना का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, चरित्र, नेतृत्व, राष्ट्रीय एकता और निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित है। रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत यह संगठन देश के लाखों युवाओं को राष्ट्र के जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दे रहा है।
कवि्रद्र गुप्ता ने कहा कि एनसीसी का एकता और अनुशासन आदर्श वाक्य है। यह केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक संपूर्ण दर्शन है। एकता हमें विविधताओं का सम्मान करना सिखाती है, जबकि अनुशासन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बनाता है। जब ये दोनों गुण किसी युवा के व्यक्तित्व में समाहित हो जाते हैं, तो वह न केवल अपने जीवन में सफलता प्राप्त करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

