गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश एवं राष्ट्रीय एकता की प्रेरणास्रोत : राज्यपाल
शिमला, 24 नवंबर (हि.स.) राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव की कालजयी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश हैं। उनकी शिक्षाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को समानता, निःस्वार्थ सेवा, विश्व बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती रही हैं।
राज्यपाल गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को जिला सोलन के गुरुद्वारा सिंह सभा, सपरुन में माथा टेकने के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों, विशेषकर सिख संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव के तीन मूलभूत सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ एक संवेदनशील, समतामूलक एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का सशक्त आधार प्रदान करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सिख गुरुओं के अद्वितीय बलिदान तथा स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में सिख समुदाय का अतुलनीय योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सिख विरासत एवं गौरवशाली इतिहास के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2019 में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का शुभारंभ सिख समुदाय की दशकों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम रहा। उन्होंने 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने की पहल का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से साहिबजादों के सर्वाेच्च बलिदान को स्मरण किया जाता है।
कविन्द्र गुप्ता ने गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व, गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व तथा गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के राष्ट्रव्यापी आयोजनों का भी उल्लेख किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना, सेवा भोज योजना तथा वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए गए प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

