को-प्रोडक्शन मार्केट के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 तक
हमीरपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। अगर आप फीचर्स और वृत्तचित्र यानि डॉक्यूमेंट्री बनाने का शौक रखते हैं और किसी बड़े वृत्तचित्र निर्माता या अंतर्राष्ट्रीय स्तर के निर्माता के साथ कोई फीचर या डॉक्यूमेंट्री बनाना चाहते हैं तो ऐसे प्रतिभाशाली निर्माताओं के लिए राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) एक बार फि र ‘को-प्रोडक्शन मार्केट-2026’ के माध्यम से एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है।
को-प्रोडक्शन मार्केट (सीपीएम) दक्षिण एशियाई विषयों पर आधारित चुनिंदा परियोजनाओं के लिए एक ऐसा मंच है, जहां सह-निर्माण के लिए वित्तीय और कलात्मक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। हर साल को-प्रोडक्शन मार्केट के लिए चयनित परियोजनाओं के फिल्म निर्माताओं को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं, वितरकों, विक्रय एजेंटों और सह-निर्माण में सक्रिय फाइनेंसरों से जुड़ने के कई अवसर मिलते हैं। इसका उद्देश्य विश्वभर के फिल्म पेशेवरों को एक साथ लाने और अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण के अवसरों को बढ़ावा देना है।
को-प्रोडक्शन मार्केट 2026 के लिए इच्छुक फीचर एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं से 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट वेव्सबाजार.कॉम पर लॉग इन किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

