home page

पांवटा साहिब में ‘गो सम्मान’ अभियान को मिला समर्थन, 5 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने की तैयारी

 | 
पांवटा साहिब में ‘गो सम्मान’ अभियान को मिला समर्थन, 5 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने की तैयारी


नाहन, 25 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गौ संरक्षण को लेकर लोगों का समर्थन बढ़ता दिखाई दे रहा है। शहर के मुख्य बाजार में इस अभियान के अंतिम चरण का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई।

अभियान से जुड़े गौ सेवकों सचिन ओबरॉय, भरत राणा और राकेश शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए सख्त कानून बनाने की मांग उठाना है। उनका कहना है कि यह अभियान अब स्थानीय स्तर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की मुहिम का रूप ले रहा है।

इस अभियान की शुरुआत वर्ष 2025 में वृंदावन में संत समाज की एक बैठक के दौरान हुई थी, जहां देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाने का फैसला लिया गया था। उसी के तहत अब विभिन्न राज्यों में लोगों से समर्थन जुटाया जा रहा है।

योजना के अनुसार 27 अप्रैल को देश की करीब 5,000 तहसीलों से करीब 5 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। आयोजकों का कहना है कि इस अभियान को बड़े जनआंदोलन में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।

स्थानीय स्तर पर जुड़े लोगों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अगले तीन महीनों में इसे जिला और फिर प्रदेश स्तर तक विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद दिल्ली में बड़े स्तर पर एक समागम आयोजित करने की योजना है। अंतिम चरण में करीब 25 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें साधु-संतों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर