home page

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर तहसीलदार कमरऊ को ज्ञापन

 | 
गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर तहसीलदार कमरऊ को ज्ञापन


नाहन, 27 अप्रैल (हि.स.)। गौसम्मान आह्वान अभियान के तहत गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा इसके लिए सख्त कानून बनाने की मांग को लेकर सोमवार 27 अप्रैल को पूरे भारतवर्ष की 5000 तहसीलों से गोसेवकों द्वारा देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं राज्यपालों को ज्ञापन भेजे गए। इसी अभियान के अंतर्गत कमरऊ में भी दर्जनों गोसेवकों ने एसडीएम के माध्यम से लगभग 5000 हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन प्रेषित किया।

गोसेवक नाथूराम चौहान ने बताया कि देश के सभी प्रमुख संतों, कथावाचकों तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने सामूहिक रूप से इस अभियान को पूरे देश में चलाया है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अगले चरण में तीन महीने बाद जिला स्तर पर पुनः ज्ञापन भेजा जाएगा तथा उसके तीन महीने बाद राज्य स्तर पर इस मांग को फिर से उठाया जाएगा। यदि सरकार इसके बावजूद भी कोई निर्णय नहीं लेती है, तो अंतिम चरण में संतों के नेतृत्व में लगभग 5 करोड़ सनातनी दिल्ली में एकत्रित होंगे और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने तक वहीं एक साथ आमरण अनशन पर बैठेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर