home page

ठियोग में गैस रिसाव के बाद धमाका, महिला झुलसी

 | 
ठियोग में गैस रिसाव के बाद धमाका, महिला झुलसी


शिमला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में मंगलवार रात गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद बिजली का स्विच ऑन करते ही जोरदार धमाका हो गया। हादसे में घर को भारी नुकसान पहुंचा है और एक महिला झुलस गई है। घटना में किसी की जान नहीं गई है।

पुलिस के अनुसार हादसा ठियोग थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत क्यारटू के गांव तातल में हुआ। यहां गीताराम के घर में गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान बिजली का स्विच ऑन करते ही जोरदार धमाका हुआ।

हादसे में गीताराम की माता इंदिरा देवी झुलस गईं। वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। धमाके से घर को भारी नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस थाना क्षेत्र में मामले की जानकारी जुटाई गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा