home page

नाहन में गांधी और शास्त्री जयंती पर पुष्पांजलि, रानीताल पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान 

 | 
नाहन में गांधी और शास्त्री जयंती पर पुष्पांजलि, रानीताल पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान 


नाहन, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांग्रेस भवन में आयोजित पुष्पांजलि समारोह में विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधायक अजय बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के बाद ऐतिहासिक रानीताल पार्क में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्क परिसर की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों को अपनाकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी के अहिंसा के संदेश ने भारत को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया और किसानों तथा जवानों के योगदान को राष्ट्रीय विकास से जोड़ा। उनके प्रयासों और विचारों ने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणा दी।

सोलंकी ने कहा कि गांधी और शास्त्री जैसे महान नेताओं के आदर्श आज भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं। उनकी जयंती पर हमें उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर