स्वतंत्रता सेनानी भाई हिरदा राम जयंति समारोह का आयोजन शनिवार को
मंडी, 27 नवंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी भाई हिरदा राम जयंति समारोह काआयोजन शनिवार 28 नवंबर 2026 को भाई हिरदा राम पार्क इंदिरा मार्किट की छत पर आयोजित किया जा रहा है। भाई हिरदा राम स्मारक कार्यसमिति के कार्यकारी सचिव वरिष्ठ एडवोकेट पंडित मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर भाई हिरदा राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इस अवसर पर मंडी वासियों की ओर से रियासत कालीन स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि स्वरूप श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। भाई हिरदा राम का जन्म 28 नवंबर, सन् 1885 को मंडी रियासत की राजधानी मंडी नगर में गज्जन सिंह के घर हुआ था। आठवीं श्रेणी तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद इन्होंने स्वर्णकार के रूप में कार्य करना आरंभ किया। क्योंकि उन दिनों मंडी में आठवीं श्रेणी तक ही शिक्षा का प्रबंध था। इनका विवाह सरला देवी से हुआ। इन्हें पढ़ने का बहुत शौक था इनके शौक को देख कर इनके पिता इनके लिए अखबार व पुस्तकें मंगवाते रहते थे। क्रांति संबंधित साहित्य पढ़ने पर इनके मन में देश प्रेम की भावना उमड़ने लगी। वे गदर पार्टी का प्रमुख सदस्य बन गए।
मंडी रियासत की रानी खैरगढ़ी ने भाई हिरदा राम को बम बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए रास बिहारी बोस के पास भेजा। बोस ने वायसराय पर बम फेंका था तथा वे दिल्ली और लाहौर बम षड्यंत्र के भी अभियुक्त थे।
बम बनाने का काम बहुत कठिन तथा जोखिम भरा था। इस कार्य के लिए परमानन्द, डॉ. मथरा सिंह और भाई हिरदा राम चुने गए। भाई हिरदा राम, रास बिहारी बोस के विश्वासपात्र तथा निकटतम साथी बन गए। भाई हिरदा राम तथा साथियों को लाहौर बम कांड में गिरफ्तार कर लाहौर सैंट्रल जेल भेज दिया गया। लाहौर सैंट्रल जेल में क्रान्तिकारियों के विरूद्ध 26 अप्रैल 1915 को मुकददमा चला। लाहौर बम कांड में 81 अपराधियों पर सरकार बनाम आंनद किशोर तथा अन्यों पर मुकद्दमा चलाया गया। भाई हिरदा राम को फांसी की सजा हुई, उनकी नाबालिग पत्नी की अपील पर इसे उम्र कैद में बदल दिया और कालापानी सैल्यूलर जेल भेज दिया। इसके बाद उन्हें मद्रास सेंट्रल जेल भेजा गया, जहां आजीवन कारावास की सजा काटकर वर्ष 1930 में वापस मंडी अपने घर लौटे। भाई हिरदा राम जयंति समारोह के अवसर पर हर वर्ष उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

