home page

शिलाई उप मंडल कफोटा के अंतर्गत आने वाले खजूरी जंगल में लगी भीषण आग

 | 

नाहन, 23 मई (हि.स.)। बारिश न होने और भीषण गर्मी के चलते सिरमौर के पहाड़ी क्षेत्रों में जंगलों में भीषण आग लगी है। इन जंगलों में आग बेकाबू होती जा रही है। यहां खजूरी, मैलानी, पभार और शावगा आदि बीट के जंगलों में आग धधक रही है। स्थानीय लोग और वन विभाग आग पर काबू पाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

सिरमौर जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान बहुत अधिक बढ़ गया है। समूचा इलाका गर्मी की चपेट में है। ऐसे में यहां जंगलों में लगी आग विकराल रूप लेती जा रही है। बारिश ना होने, तापमान में बढ़ोतरी और तेज हवाएं आग को और भड़का रही है।

बताते चलें कि कम ऊंचाई वाले इन क्षेत्रों में अधिकतर जंगलों में चीड़ के पेड़ हैं। चीड़, उसमें पाए जाने वाले विरोेजे की वजह से अति ज्वलनशील होती है। ऐसे में चीड़ के पेड़ों में लगी आग को पर काबू पाना बेहद कठिन हो जाता है।

कफोटा के आसपास जंगलों में दिन के समय में धुआं और रात में आग की लपटों को स्पष्ट देखा जा सकता है। यहां खजूरी, मैलानी, पभार और शावगा आदि के जंगल दिन रात धूं धूं कर जल रहे हैं। बीते दो दिनों में यहां करोड़ की वन संपदा भयंकर आग की भेंट चढ़ चुकी है। जंगल की आग से वन्य जीवन को भी भारी नुकसान हुआ है। दूसरी ओर स्थानीय लोग और वन विभाग जंगलों में भड़क रही आग पर काबू पाने पर नाकाम साबित हो रहा है। हालांकि सभी अपने-अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं मगर, आग लगातार जंगलों को अपनी चपेट में लेती जा रही है।

बताते चलें कि इन जंगलों में हर साल आज से भारी नुकसान होता है बावजूद इसके उपमंडल कफोटा में अभी तक फायर ब्रिगेड की स्थापना नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड की सुविधा प्रदान की जाए। आग बुझाने के लिए इंतजाम किए जाएं। क्षेत्र को बढ़ते तापमान, प्रदूषण और जंगलों में आग से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर