home page

हिमाचल वन विकास निगम के कर्मचारियों को मिलेगा 3 फीसदी महंगाई भत्ता और बोनस

 | 
हिमाचल वन विकास निगम के कर्मचारियों को मिलेगा 3 फीसदी महंगाई भत्ता और बोनस


शिमला, 03 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने कई अहम फैसलों को मंजूरी दी है। निगम के कर्मचारियों को एक अप्रैल 2025 से तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) दिया जाएगा। इसके साथ ही 21 हजार रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले 175 कर्मचारियों को बोनस देने की भी मंजूरी दी गई है। दैनिक वेतनभोगी और अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा न्यूनतम दैनिक मजदूरी बढ़ाने के फैसले पर भी मुहर लगी है।

ये फैसले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के निदेशक मंडल की 216वीं बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की। बैठक में प्रदेश सरकार की अधिसूचना के अनुसार पहली अप्रैल 2025 से निगम के कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की स्वीकृति दी गई। साथ ही 21 हजार रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले 175 कर्मचारियों को बोनस देने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में प्रदेश सरकार की एक अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुरूप उन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने को भी मंजूरी दी गई, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में हर साल 240 दिन का कार्य पूरा किया है। प्रदेश सरकार की नीति के अनुसार पात्र अनुबंध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने की भी स्वीकृति दी गई।

निदेशक मंडल ने विभिन्न श्रेणियों के श्रमिकों की न्यूनतम दैनिक मजदूरी 425 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये करने का फैसला भी मंजूर किया। यह संशोधित दरें एक अप्रैल 2026 से लागू होंगी।

बैठक में निगम के कामकाज की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर स्थित रेजिन एवं टरपेंटाइन (आरएंडटी) फैक्ट्री के आधुनिकीकरण के बाद राजस्व में हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी पर संतोष जताया। निदेशक मंडल ने इसके बाद नाहन स्थित आरएंडटी फैक्ट्री के आधुनिकीकरण का भी फैसला लिया, जिससे उत्पादन और राजस्व मेंज और बढ़ोतरी की जा सके।

मुख्यमंत्री ने निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत बनाने के लिए प्रबंध निदेशक की ओर से उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने, कार्यकुशलता में सुधार लाने और निगम की दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता के लिए नए उपाय जारी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में उपाध्यक्ष एचपीएसएफडीसीएल केहर सिंह खाची, मुख्य सचिव के.के. पंत, वन बल प्रमुख एवं प्रबंध निदेशक संजय सूद, निदेशक (पीएफएंडपीई) एवं विशेष सचिव (वित्त) विजय वर्धन, निदेशक मंडल के गैर-सरकारी सदस्य और निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा