home page

अग्निकांड में दो मकान राख, भारी नुकसान

 | 

शिमला, 10 जून (हि.स.)। जिला शिमला के बलसन क्षेत्र के शिरगुली गांव में बुधवार दोपहर बाद भीषण आग लगने से दो मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक अन्य मकान पर भी खतरा बना हुआ है। इस अग्निकांड में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लाखों की संपति स्वाहा हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत लायक राम बकसेठ के घर से हुई, जिसने देखते ही देखते आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

दोपहर करीब ढाई बजे के बाद लगी आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रभावित मकान लकड़ी से निर्मित थे और उनमें लकड़ी के साथ रंग-रोगन का भी इस्तेमाल किया गया था, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। हादसे में 25 से अधिक कमरे जलकर राख हो गए। आग के दौरान मकानों से जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई देती रहीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने किया बचाव का प्रयास, दमकल वाहन पहुंचने में हुई देरी

आग लगते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों ने पावर स्प्रेयर और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा