शिमला में उचित मूल्य की दुकानों के लिए 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
शिमला, 21 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले में उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित उचित मूल्य की दुकानों के लिए इच्छुक व्यक्तियों और संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शिमला नरेन्द्र कुमार धीमान ने बताया कि शिमला शहर के वार्ड नंबर-11 में टूटीकंडी आईएसबीटी के समीप, जतोग कैंट और शिमला ग्रामीण की ग्राम पंचायत घनेवग नेहरा के घरोग में उचित मूल्य की दुकानें आवंटित की जानी प्रस्तावित हैं। इन स्थानों पर दुकान खोलने के इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए इच्छुक आवेदकों को emerginghimachal.hp.gov.in वेबसाइट पर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर 2026 है।
उचित मूल्य की दुकान के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है। व्यक्तिगत आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के साथ मैट्रिक प्रमाण-पत्र और यदि कोई हो तो उच्च शिक्षा के प्रमाण-पत्र भी अपलोड करने होंगे। इसके साथ आवेदक की वित्तीय स्थिति, भूतपूर्व सैनिक, दिव्यांग और शिक्षित बेरोजगार होने से संबंधित प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे।
आवेदक को प्रस्तावित उचित मूल्य की दुकान के लिए उपलब्ध स्थान और उसकी भंडारण क्षमता से संबंधित दस्तावेज भी आवेदन के साथ देने होंगे। इसके अलावा यदि आवेदक बीपीएल, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग या अनुसूचित जनजाति परिवार से संबंधित है तो उसका प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा।
यदि आवेदक उसी स्थान का निवासी है, जहां उचित मूल्य की दुकान खोली जानी प्रस्तावित है, तो उसे संबंधित पंचायत की ओर से जारी निवास संबंधी प्रमाण-पत्र की अधिकृत अधिकारी से सत्यापित प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी। इसके साथ यह शपथ-पत्र भी अपलोड करना अनिवार्य है कि आवेदक या उसके परिवार का कोई सदस्य विधायक, सांसद अथवा स्थानीय निकायों में किसी पद पर निर्वाचित नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

