फेसबुक पोस्ट पर भड़का आंजभोज क्षेत्र के लोगों का गुस्सा, पुलिस में शिकायत दर्ज
नाहन, 03 जून (हि.स.)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद अब सोशल मीडिया पर जुबानी जंग और विवाद का दौर शुरू हो गया है। ताजा मामला आंजभोज क्षेत्र से सामने आया है, जहां फेसबुक पर की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इस मामले में क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी महिला के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को सौंपे गए शिकायत पत्र में स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि 1 जून 2026 को जिला परिषद और पंचायती राज चुनाव के परिणाम आने के बाद, ‘पिंकी रमोल’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट से पूरे आंजभोज क्षेत्र की जनता को निशाना बनाते हुए एक पोस्ट शेयर की गई।
शिकायत के मुताबिक, उक्त फेसबुक हैंडल से लिखा गया था कि, “आंजभोज बिक गया जिला परिषद चुनावों में और कुछ मूर्ख उस सौदे पर भी गर्व कर रहे हैं। लोकतंत्र बिके तो शर्म होनी चाहिए।”
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी से पूरे आंजभोज क्षेत्र के नागरिकों की साख और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है। चुनाव में अपनी मर्जी से मतदान करने वाले मतदाताओं का इस तरह सरेआम सोशल मीडिया पर अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गहनता से तफ्तीश की जाए और समाज में द्वेष फैलाने वाली इस पोस्ट के पीछे मौजूद व्यक्ति पर कानून के मुताबिक कार्रवाई हो। उधर, पांवटा साहिब पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगामी कदम उठाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

