नोबल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सियोग पंडोह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित
मंडी, 09 मार्च (हि.स.)। नोबल कॉलेज ऑफ एजुकेशन सियोग पंडोह द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 9 मार्च को हणोगी माता मंदिर परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर अनुपमा सिंह, पूर्व प्रो वाइस चांसलर, एचपीयू उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्रिंसिपल प्रीत किरण ने मुख्य अतिथि प्रोफेसर अनुपमा सिंह का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को महिला दिवस के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आगे बढ़ने और समाज में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने अपने संबोधन में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और उन्हें अपने हक के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के विषय पर भी विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भारत सरकार द्वारा जारी किए गए महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, ताकि किसी भी प्रकार के अत्याचार या अन्याय की स्थिति में महिलाएं उन नंबरों पर कॉल कर अपनी आवाज उठा सकें और सहायता प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर लकी वालिया, जिला सेक्रेटरी, अस्मिता योगासन भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने बच्चों और प्रतिभागियों को योगासन के महत्व के बारे में बताया तथा अस्मिता योजना के उद्देश्यों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला दिवस के उपलक्ष्य पर भाषण प्रतियोगिता,फैंसी ड्रैस प्रतियोगिता, समूह गान और अन्य गतिविधियां विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई। महिला दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम में महिला मंडल योग ने भी अपनी प्रस्तुति दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

