पूर्व विधायक रामचंद भाटिया का निधन, मुख्यमंत्री सुक्खू और शांता कुमार ने जताया शोक
शिमला, 30 जुलाई (हि.स.)। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रामचंद भाटिया का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में अंतिम सांस ली। वह 82 वर्ष के थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामचंद भाटिया ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भाटिया क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए सदैव समर्पित रहे और सार्वजनिक जीवन में उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि रामचंद भाटिया भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे और उन्होंने एक आदर्श विधायक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां क्षेत्र के विकास में भाटिया का योगदान उल्लेखनीय रहा और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।
शांता कुमार ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना की।
रामचंद भाटिया के निधन पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के नेताओं ने भी शोक व्यक्त करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और जनसेवा में दिए गए योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

