home page

राम मंदिर चंदा चोरी, महंगाई व चीन विवाद से ध्यान भटकाने में जुटी भाजपाः प्रकाश चौधरी

 | 

मंडी, 23 अगस्त (हि.स.)। पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान-चढ़ावे की चोरी मामले में एसआईटी द्वारा चंपत राय व अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने पर केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर महज रस्म अदायगी कर शीर्ष जिम्मेदारों को पाक-साफ बताया जा रहा है। जबकि सारा ठीकरा छोटे कर्मचारियों पर फोड़कर भाजपा अपनी जवाबदेही से भागने की फिराक में है।

प्रकाश चौधरी ने कहा कि राम मंदिर में हुई चंदा चोरी, चरम पर पहुंची महंगाई, बिगड़े विदेशी संबंध और चीन द्वारा सीमा पर जमीन हथियाने जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपाई नेता नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। कभी युवा शक्ति पर अमर्यादित टिप्पणियां की जाती हैं, तो कभी वंदे मातरम पर बेवजह विवाद खड़ा किया जाता है। जनता भाजपा की इस सोची-समझी चाल को भली-भांति समझ चुकी है।

पूर्व मंत्री ने चेतावनी दी कि करोड़ों सनातनियों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले असली दोषियों व संरक्षकों को यदि बेनकाब नहीं किया गया, तो न्याय जनता की अदालत और स्वयं प्रभु के दरबार में होगा। आस्था के धन को हड़पने वाले बड़े रसूखदारों को भगवान श्रीराम लला स्वयं दंड देंगे। उन्होंने मांग की कि सरकार लीपापोती बंद करे और मंदिर के चढ़ावे की पाई-पाई का हिसाब जनता के सामने सार्वजनिक करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा