home page

हिमाचल में भर्ती अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार जवाब दे: जयराम ठाकुर

 | 
हिमाचल में भर्ती अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार जवाब दे: जयराम ठाकुर


शिमला, 26 जुलाई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को शिमला के जाखू वार्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भर्ती अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं का सरकार पर भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल के दिनों में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने लिखित शिकायतें दी थीं। उनका आरोप था कि कुछ परीक्षा केंद्रों में खुलेआम सामूहिक नकल करवाई गई। उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर शिकायतों के बाद भी सरकार ने अब तक पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं करवाई, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जब पुलिस भर्ती पेपर लीक का मामला सामने आया था, तब तत्काल सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी। उनके अनुसार सीबीआई जांच में कुछ अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही सामने आई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंप दीं और कुछ को पदोन्नति भी दी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछा कि जिन अधिकारियों के नाम जांच में सामने आए, उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर पर्दा डाल रही है। कांग्रेस के हालिया कैंडल मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। उनका कहना था कि कांग्रेस युवाओं के हितों की बात करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हाल में परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने और पेपर लीक तथा परीक्षा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कानूनी प्रावधान किए गए हैं। इन कदमों से युवाओं के हितों की रक्षा होगी और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इन सुधारों का समर्थन करने के बजाय राजनीतिक माहौल बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की भावनाओं का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग नहीं होना चाहिए।

'मन की बात' कार्यक्रम पर जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज को प्रेरणा देने और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत करने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के जरिए समाज में अच्छा काम करने वाले लोगों को देश के सामने लाते हैं और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर लोगों को प्रेरित करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा