सातीवाला गांव में घर में घुसा हाथियों का झुंड, सामान उठाकर फेंका, ग्रामीणों में दहशत
नाहन, 21 नवंबर (हि.स.)। पांवटा साहिब क्षेत्र के सातीवाला गांव में जंगली हाथियों के झुंड की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। 20 नवंबर की रात करीब एक बजे हाथियों का एक झुंड चौधरी रणदीप सिंह राणा के घर में घुस आया। इस दौरान हाथियों ने घर में रखे सामान को उठाकर इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक घर में हाथियों के घुसने से परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
ग्रामीणों राकेश कुमार व हरिराम का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है। हाथियों के गांवों और रिहायशी इलाकों में पहुंचने से लोगों को अपनी जान-माल की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। किसानों के लिए भी रात के समय खेतों में जाना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भय है कि यदि समय रहते वन विभाग ने उचित कदम नहीं उठाए तो भविष्य में कोई बड़ा नुकसान हो सकता है।
इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने वन विभाग के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। यूनियन ने विभाग से मांग की है कि हाथियों को रिहायशी इलाकों में आने से रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को हर समय डर के साये में न रहना पड़े।भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने वन विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यूनियन ग्रामीणों के साथ मिलकर डीएफओ कार्यालय का घेराव करेगी। यूनियन का कहना है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय अभी कार्रवाई करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

