home page

हिमाचल में कल शहरी निकाय चुनाव, 439 वार्डों में 1147 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला

 | 
हिमाचल में कल शहरी निकाय चुनाव, 439 वार्डों में 1147 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला


शिमला, 16 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी निकायों के लिए रविवार 17 मई को मतदान होगा। राज्य के 439 वार्डों में कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनके बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इनमें भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे कई जगह मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार शाम तक सभी 585 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए 2340 मतदान कर्मियों और 1170 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार मतदान कर्मियों के साथ दो पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मौजूद रहेगा।

इन चुनावों में चार नगर निगम धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन के अलावा 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के लिए मतदान कराया जाएगा। कुल 439 पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। चुनाव मैदान में 195 महिला उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। राज्यभर में करीब 3 लाख 60 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1 लाख 80 हजार से अधिक पुरुष और करीब 1 लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं 1808 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।

चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम को थम गया था। निर्वाचन आयोग ने मतदान समाप्त होने तक चुनाव क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के प्रचार-प्रसार पर रोक लगा दी है। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में झंडे, पोस्टर, नारेबाजी, लाउडस्पीकर और वोट मांगने जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सार्वजनिक सभा, जुलूस और नुक्कड़ सभाओं की भी अनुमति नहीं होगी।

मतदान के दिन हथियार लेकर मतदान केंद्रों या उसके आसपास जाने पर भी रोक रहेगी। केवल कानून द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को ही इसकी अनुमति होगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना प्रक्रिया पूरी होने तक शराब और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री व वितरण पर भी प्रतिबंध लगाया है। होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और शराब के ठेकों पर शराब परोसने की अनुमति नहीं होगी।

राज्य में चुनाव के लिए करीब 1300 ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों के नतीजे मतदान के बाद घोषित किए जाएंगे, जबकि नगर निगमों की मतगणना 31 मई को होगी। इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ सरकार और विपक्ष दोनों के लिए अहम राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा