home page

हिमाचल पंचायत चुनाव परिणाम : बेटे ने जीती प्रधान की कुर्सी, पिता को मिले सिर्फ पांच वोट

 | 
हिमाचल पंचायत चुनाव परिणाम : बेटे ने जीती प्रधान की कुर्सी, पिता को मिले सिर्फ पांच वोट


शिमला, 27 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र नादौन की नई बनी टिल्लू पंचायत में प्रधानी का चुनाव इस बार पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। वजह सिर्फ चुनाव नहीं, चुनावी मैदान में आमने-सामने उतरे पिता और पुत्र रहे। पंचायत चुनाव में पिता और उनके बेटे के बीच हुई सीधी टक्कर ने इस मुकाबले को पूरी तरह सियासी रंग दे दिया। नतीजे आए तो गांव से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक हर कोई हैरान रह गया।

दरअसल, नादौन की टिल्लू पंचायत में प्रधान पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे। लेकिन सबसे ज्यादा नजरें पिता संतोष कुमार और उनके बेटे अजय कुमार के मुकाबले पर टिकी थीं। दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव की चर्चा पहले से ही गांव में होती रही है। ऊपर से दोनों अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े हुए थे। पिता भाजपा समर्थक माने जाते हैं, जबकि बेटे अजय कांग्रेस विचारधारा से जुड़े बताए जाते हैं।

देर रात चुनाव परिणाम सामने आए तो बेटे अजय कुमार ने एकतरफा जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। अजय को कुल 182 वोट मिले, जबकि उनके पिता संतोष कुमार को पूरे चुनाव में सिर्फ पांच वोट ही मिल सके। पिता-पुत्र के बीच वोटों का इतना बड़ा अंतर अब पूरे नादौन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव के चौक-चौराहों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग इसी चुनाव की बातें करते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार पंचायत चुनाव में युवाओं ने खुलकर मतदान किया और गांव के विकास तथा नए नेतृत्व के पक्ष में वोट डाले। ग्रामीणों के मुताबिक लोगों ने पुराने समीकरणों से हटकर युवा चेहरे पर भरोसा जताया। अजय कुमार पहले भी बेला पंचायत के प्रधान रह चुके हैं। इस बार बेला पंचायत का बड़ा हिस्सा नगर परिषद नादौन में शामिल होने के बाद बची हुई आबादी को मिलाकर नई टिल्लू पंचायत बनाई गई थी। नई पंचायत के पहले ही चुनाव में अजय ने लगातार दूसरी बार प्रधान बनने में सफलता हासिल कर ली।

हिमाचल पंचायत के चुनाव में एक और दिलचस्प बात यह रही कि यहां एक रिटायर्ड अधिकारी ने भी चुनाव में जीत दर्ज की, जिसकी चर्चा स्थानीय स्तर पर हो रही है। एसडीएम पद से सेवानिवृत्त योगराज धीमान ने झंज्याणी ग्राम पंचायत से प्रधान पद पर 300 वोटों की रिकॉर्ड जीत दर्ज की। पंचायत चुनावों में इस बार कई जगहों पर अनुभवी और युवा चेहरों के बीच मुकाबले देखने को मिले।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार को 1293 पंचायतों में मतदान हुआ था। भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश में 78 प्रतिशत से अधिक रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। देर रात तक प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के नतीजे घोषित किए गए। वहीं जिला परिषद और बीडीसी चुनावों के परिणाम 31 मई को घोषित होंगे। पंचायत चुनाव के दूसरे और तीसरे चरण के लिए मतदान 28 और 30 मई को होना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा