home page

हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन की मांग, छुट्टियों और स्कूल समय के बाद ड्यूटी के निर्देश हों वापस

 | 
हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन की मांग, छुट्टियों और स्कूल समय के बाद ड्यूटी के निर्देश हों वापस


नाहन, 12 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन जिला सिरमौर ने जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर से जनगणना-2027 के तहत शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को विद्यालय/कार्यालय समय के बाद और छुट्टियों के दौरान जनगणना कार्य करने संबंधी जारी निर्देशों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। संघ का कहना है कि शिक्षक समुदाय जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हमेशा सरकार को पूरा सहयोग देता रहा है।

संघ ने कहा कि कई जिलों में गणनाकर्ताओं और पर्यवेक्षकों, जिनमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल हैं, को नियमित शैक्षणिक एवं कार्यालयीन कार्यों के बाद घर-घर जाकर जनगणना गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कर्मचारियों में चिंता का माहौल है और कार्य निष्पादन से जुड़ी कई चुनौतियां सामने आ रही हैं।

संघ के अनुसार सिरमौर जिले की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद कठिन हैं। यहां बस्तियां दूर-दूर बसी हुई हैं, घने जंगल, खड़ी ढलानें और सीमित परिवहन सुविधाएं हैं। कई गृह सूचीकरण ब्लॉकों (एचएलबी) में जनगणना कर्मियों को घरों तक पहुंचने के लिए 10 से 12 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पैदल तय करनी पड़ती है, जिसमें सुनसान वन मार्गों और जोखिमपूर्ण पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे क्षेत्रों में शाम के समय जनगणना कार्य करना कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जोखिम पैदा कर सकता है।

संघ ने विशेष रूप से महिला कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि सूर्यास्त के बाद दूरदराज के क्षेत्रों में आवागमन करना महिला कर्मियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा चुनौतियां पैदा कर सकता है। इसके अलावा पूरे दिन शिक्षण या कार्यालयीन कार्य करने के बाद कर्मचारियों से विस्तृत फील्ड वर्क की अपेक्षा करना उनकी कार्यक्षमता और जनगणना आंकड़ों की गुणवत्ता दोनों को प्रभावित कर सकता है।

संघ ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य है, जिसके लिए पूरी सतर्कता, सटीकता और लोगों के साथ पर्याप्त संवाद की आवश्यकता होती है। इसलिए कर्मचारियों को यह कार्य नियमित कार्यालय एवं विद्यालय समय के दौरान करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर