हिमाचल में शहरी निकाय चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत
शिमला, 15 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद चुनावी शोर पूरी तरह थम जाएगा। ऐसे में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल आखिरी दिन अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर और जयराम ठाकुर तक चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
चार नगर निगमों सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला के चुनाव इस बार दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं। यही वजह है कि कांग्रेस और भाजपा ने अपने बड़े नेताओं को प्रचार में उतारा है। इन चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक ताकत की परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज सोलन शहर के गंज बाजार में जनसभा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और राज्य सरकार के मंत्री भी अलग-अलग इलाकों में उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं को भी चुनाव प्रचार में लगाया है।
वहीं भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। अनुराग ठाकुर आज कांगड़ा-हमीरपुर मैत्री सभा में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और इसका असर चुनाव में दिखाई देगा।
मतदान से एक दिन पहले 16 मई को उम्मीदवार केवल घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर सकेंगे। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद रैली, जुलूस, लाउडस्पीकर और सार्वजनिक चुनाव प्रचार पर रोक लग जाएगी। उम्मीदवार केवल व्यक्तिगत संपर्क अभियान चला सकेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद शुक्रवार दोपहर तीन बजे से ही ड्राई-डे भी लागू हो जाएगा। मतदान खत्म होने तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान शराब बेचने या परोसने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों में 17 मई को सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी और मतगणना 31 मई को होगी।
इस बार 51 शहरी निकायों में कुल 439 पदों के लिए 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 218 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, कुल्लू में 100, मंडी में 180, शिमला में 123, सिरमौर में 84, सोलन में 121 और ऊना में 118 उम्मीदवार मैदान में हैं।
इन चुनावों पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई है, क्योंकि नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़े जा रहे हैं। ऐसे में इनके नतीजों को आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता के राजनीतिक रुझान के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

