home page

हिमाचल में नगर निकाय चुनाव के प्रचार में उतरे दिग्गज : सुक्खू, अनुराग और जयराम ने झोंकी ताकत

 | 
हिमाचल में नगर निकाय चुनाव के प्रचार में उतरे दिग्गज : सुक्खू, अनुराग और जयराम ने झोंकी ताकत


हिमाचल में नगर निकाय चुनाव के प्रचार में उतरे दिग्गज : सुक्खू, अनुराग और जयराम ने झोंकी ताकत


हिमाचल में नगर निकाय चुनाव के प्रचार में उतरे दिग्गज : सुक्खू, अनुराग और जयराम ने झोंकी ताकत


शिमला, 14 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। 17 मई को होने वाले मतदान से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार में झोंक दी है। चार नगर निगमों सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर सहित नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव को लेकर दोनों दलों के बड़े नेता लगातार जनसभाएं, रोड शो और नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। खास बात यह है कि नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्हों पर हो रहे हैं, ऐसे में इन चुनावों को दोनों दल अपनी साख से जोड़कर देख रहे हैं।

पिछले नगर निगम चुनाव में मंडी और सोलन नगर निगम पर भाजपा का कब्जा रहा था, जबकि धर्मशाला और पालमपुर में कांग्रेस को बढ़त मिली थी। इस बार दोनों दल चारों नगर निगमों में जीत हासिल करने का दावा कर रहे हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रभारी और पूर्व सांसद रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल जैसे दिग्गज मैदान में उतर आए हैं।

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पालमपुर में रोड शो और नुक्कड़ सभाओं के जरिए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। उनके साथ कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे। कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने दावा किया कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं और कांग्रेस चारों नगर निगमों में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि लोग प्रदेश सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा कर रहे हैं। जिंटा ने भाजपा पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार जनता भाजपा को जवाब देगी। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

उधर, भाजपा ने भी चुनाव प्रचार को पूरी तरह आक्रामक बना दिया है। धर्मशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने चुनावी मोर्चा संभाला। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने केवल झूठी गारंटियां दी हैं, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला नगर निगम में इस बार भाजपा का कमल खिलेगा और जनता कांग्रेस को जवाब देने के मूड में है। अनुराग ठाकुर के रोड शो और जनसभाओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे।

नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के दौरान पार्षदों को विकास बजट का लालच देकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए झूठी गारंटियों का सहारा लेती रही है और जनता अब इसे समझ चुकी है। उन्होंने मंडी में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश की है।

नाहन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद ने भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार से समाज का हर वर्ग परेशान है और नगर निकाय चुनावों से कांग्रेस को सत्ता से हटाने की शुरुआत होगी। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में विकास केवल केंद्र सरकार की योजनाओं से हो रहा है और जनता कांग्रेस सरकार से निराश है। चार नगर निगमों के अलावा 47 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भी चुनावी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा