home page

एसवीएम में वार्षिक उत्सव अभ्युदय का धूमधाम के साथ आयोजन

 | 
एसवीएम में वार्षिक उत्सव अभ्युदय का धूमधाम के साथ आयोजन


एसवीएम में वार्षिक उत्सव अभ्युदय का धूमधाम के साथ आयोजन


मंडी, 28 नवंबर (हि.स.)। शहर की अग्रणी शिक्षण संस्था सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार में 28 नवंबर को वार्षिक उत्सव अभ्युदय का आयोजन बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। इस भव्य समारोह में स्कूल के एलिमेंट्री विंग और सीनियर विंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन केसर सिंह चंदेल सेवानिवृत्ति जिला उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंध समिति की अध्यक्ष रजनी गोयल ने मुख्य अतिथि को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश मंड्याल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और पिछले शैक्षणिक सत्र में स्कूल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह का मुख्य आकर्षण दोनों विंग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत ,गरबा नृत्य, पहाड़ी नाटी, नाटक, रिदमिक योगा, शिव स्तुति, राजस्थानी नृत्य, गिद्दा नृत्य और भक्ति गीत सहित ऊर्जावान प्रस्तुति से सभागार में समां बांध दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एलिमेंट्री और सीनियर विंग के मेधावी छात्रों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं पाठशाला के मेधावी छात्र-छात्राओं को नरेंद्र पाल चोपड़ा एक्सीलेंस अवार्ड और हेमकांत कात्यायन एक्सीलेंस अवार्ड के द्वारा इनाम राशि और प्रमाण पत्र दे कर नवाजा गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नशे व जंक फूड के दुष्प्रभाव बताकर उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी और मोबाइल फोन का यथोचित प्रयोग करने के लिए कहा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति की उपाध्यक्षा स्नेह लता चोपड़ा,सचिवा निर्मला कात्यायन, प्रबंध समिति के सदस्य बलबीर कुमार शर्मा, आशुतोष पाल चोपड़ा, सिद्धार्थ सिद्धार्थ कात्यायन तथा स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश मंड्याल एवं उप प्रधानाचार्य, गुरचरन सिंह सहित अभिभावक गण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा